खानपुर (गाजीपुर): सोनियापार गांव के पांच युवकों पर सैदपुर विधायक अंकित भारती से गाली गलौज करने पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। आंबेडकर जयंती कार्यक्रम में पूर्व प्रधान रमेश कुमार के बुलावे पर सोनियापार पहुचे सपा विधायक के खिलाफ इन युवकों ने नारेबाजी कर बवाल काटा था। सैदपुर विधायक ने बाबा साहब की मूर्ति पर माल्यार्पण के बाद अनुसूचित जाति समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित स्कूल पर बच्चों को ड्रेस वितरित करने चले गए थे। जिससे नाराज गैर दलीय कार्यकर्ताओ ने विधायक के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। विधायक द्वारा समझाने का प्रयास करने पर विरोधी गुट और भी उग्र हो गया। विधायक अंकित भारती सहित रमेश कुमार को गाली देने लगे जिसमें माहौल तनावपूर्ण हो गया। बीच बचाव करते हुए सैदपुर के ब्लाक प्रमुख हीरा यादव और विधानसभा प्रभारी गोविंद यादव ने मामला शांत कराया। विधायक का विरोध करने वालों का कहना था कि विधायक मूर्ति पर माल्यार्पण पर हमारे शिविर में न बैठकर अपने दल के कार्यक्रम में चले गए। विधायक ने दलितों का दिया हुआ पानी तक नही पीया। एसओ खानपुर राजीव पांडेय ने बताया कि रमेश कुमार की शिकायत पर रोजगार सेवक संजय कुमार, सुनील गौतम, पंकजधीर और सभाजीत कुमार, सूरज प्रसाद के खिलाफ दंगा भड़काने, प्रतिष्ठित व्यक्ति का मान हानि करने और समूह को भड़काने संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर दिया गया है।





