बहरियाबाद। क्षेत्र के ग्राम पलिवार में 26 जुलाई 2025 को ग्राम प्रधान बलवन्त पुत्र बजरंगी राम के साथ अपराधी संजय यादव के सहयोग से हुई मारपीट की गंभीर घटना में पुलिस ने अब तक 07 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि 04 अभियुक्त अभी भी फरार चल रहे हैं। फरार अभियुक्तों में विक्रम पुत्र रामवास, रामपलट पुत्र इन्द्रजीत, रीमा पत्नी चन्द्रशेखर तथा अमरसेन उर्फ टिंकू पुत्र चन्द्रशेखर, सभी निवासी ग्राम पलिवार, थाना बहरियाबाद, जनपद गाजीपुर शामिल हैं। अभियुक्तों की गिरफ्तारी न होने पर न्यायालय से उनके विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया, लेकिन इसके बावजूद आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर रहे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए SC/ST न्यायालय द्वारा दिनांक 03 जनवरी 2026 को फरार अभियुक्तों के विरुद्ध धारा 82 के अंतर्गत कुर्की की उद्घोषणा की कार्यवाही की गई। क्षेत्राधिकारी रमाकृष्ण तिवारी बताया कि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और शीघ्र ही उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।





