सैदपुर। सैदपुर कोतवाली में तैनात हेड कांस्टेबल सुरेश यादव को अवैध मौरंग-बालू परिवहन कराने के गंभीर आरोप में निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई डॉ. ईराज राजा, पुलिस अधीक्षक गाजीपुर द्वारा की गई है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी निलंबन आदेश के अनुसार, हेड कांस्टेबल सुरेश यादव पर गंगा पुल से मौरंग लदी गाड़ियों का अवैध परिवहन कराने का गंभीर आरोप है। शिकायत मिलने के बाद जब उच्च अधिकारियों द्वारा इस अवैध परिवहन पर रोक लगाने की कार्रवाई की गई तो बालू-गिट्टी परिवहन से जुड़े एक व्यक्ति के माध्यम से उच्चाधिकारी के पास अनुचित तरीके से प्रार्थनापत्र दिलाने का भी मामला सामने आया।
प्राथमिक जांच में यह भी पाया गया कि हेड कांस्टेबल द्वारा अवैध बालू परिवहन से जुड़े व्यक्ति से 100 से अधिक बार फोन पर बातचीत की गई। लगातार संपर्क में रहने के कारण प्रथम दृष्टया अवैध खनन और परिवहन में उनकी संलिप्तता की आशंका जताई गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से सुरेश यादव को निलंबित करते हुए विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
जांच में और नाम आने की आशंका
सूत्रों की मानें तो इस मामले की जांच आगे बढ़ने पर सैदपुर कोतवाली से जुड़े कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं। आशंका जताई जा रही है कि अवैध बालू परिवहन के इस नेटवर्क में केवल एक व्यक्ति ही नहीं, बल्कि अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल विभागीय जांच के जरिए पूरे मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है।
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अवैध खनन व बालू परिवहन से जुड़े मामलों पर एक बार फिर सख्ती की चर्चा शुरू हो गई है।





