गाजीपुर। गहमर कोतवाली थाना क्षेत्र में बीते वर्ष 24 दिसंबर की रात हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड की पुष्टि हो गई है। इस मामले में लापता चल रहे तीसरे युवक अंकित सिंह का शव भी उसी पोखरी से बरामद कर लिया गया है, जहां इससे पहले उसके साथियों विक्की और सौरभ के शव मिले थे।
जानकारी के अनुसार यह घटना 24 दिसंबर की रात उस समय हुई, जब तीनों युवक एक जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे थे। रास्ते में दो गुटों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इसी दौरान तीनों युवकों की हत्या कर उनके शवों को घटनास्थल के पास स्थित पोखरी में फेंक दिया गया।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पोखरी से विक्की और सौरभ के शव बरामद कर लिए थे, लेकिन तीसरा युवक अंकित सिंह पिछले पांच दिनों से लापता था। अंकित की मां लगातार गहमर थाने में बेटे की तलाश की गुहार लगा रही थीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पोखरी में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात कीं, हालांकि शुरुआती तलाश में सफलता नहीं मिली। इसके बाद गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा स्वयं मौके पर पहुंचे और तलाशी अभियान को और व्यापक करने के निर्देश दिए।
एसपी के निर्देश पर बिहार से जनरेटर मंगवाकर करीब 10 बीघा में फैली पोखरी का पानी निकलवाया गया, साथ ही ड्रोन कैमरे से भी सघन स्कैनिंग कराई गई। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस को सफलता मिली और अंकित सिंह का शव भी पोखरी से बरामद कर लिया गया।
तीनों शवों की बरामदगी के साथ ही तिहरे हत्याकांड की पूरी तरह पुष्टि हो गई है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी में जुटी हुई है।





