गाजीपुर। सावित्रीबाई फुले की जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी महिला सभा की प्रदेश सचिव ज्योति पाण्डेय ने महिलाओं एवं PDA समाज को शिक्षित, जागरूक और संगठित होने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सावित्रीबाई फुले नारी शिक्षा की अग्रदूत थीं, जिन्होंने सामाजिक रूढ़ियों और भेदभाव के खिलाफ संघर्ष करते हुए शिक्षा की ज्योति जलाई। उनका जीवन आज भी महिलाओं और वंचित समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
ज्योति पाण्डेय ने कहा कि शिक्षा ही वह मजबूत आधार है, जो महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाती है और PDA समाज को अपने अधिकारों के प्रति सजग करती है। जब तक महिलाएं शिक्षित नहीं होंगी, तब तक समाज में समानता और न्याय की स्थापना संभव नहीं है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता दें और स्वयं भी सामाजिक व राजनीतिक रूप से जागरूक बनें।
उन्होंने आगे कहा कि आज समय की मांग है कि सभी महिलाएं और PDA समाज एकजुट होकर कदम से कदम मिलाकर चलें। एकता में ही शक्ति है और संगठित होकर ही अन्याय, शोषण व भेदभाव के खिलाफ प्रभावी आवाज उठाई जा सकती है। सावित्रीबाई फुले ने कठिन परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी और समाज को नई दिशा दी।
प्रदेश सचिव ने कहा कि सावित्रीबाई फुले की जयंती पर उनके शिक्षा, समानता और भाईचारे के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ही एक सशक्त, समतामूलक और न्यायपूर्ण समाज का निर्माण संभव है।





