spot_img

बोलेरो ट्रक में घुसी, चालक सहित दो घायल, एक की हालत गंभीर

spot_img
spot_img
spot_img

गाजीपुर। भांवरकोल थाना क्षेत्र में आधी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर सजना गांव के पास पीछे से आ रही बोलेरो अनियंत्रित होकर धान लदे ट्रक में जा घुसी। हादसे में बोलेरो चालक सहित दो लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद सड़क पर करीब 14 घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही, जो दोनों वाहनों के हटाए जाने के बाद दिन में लगभग 2 बजे जाकर पूरी तरह समाप्त हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरपुर गांव निवासी जमुना चौधरी के घर से बोलेरो संख्या UP65 BL 8778 पर सवार होकर सात लोग तिलक कार्यक्रम में शामिल होने भरौली (जिला बलिया) गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग रात करीब 11 बजे घर लौट रहे थे। इसी दौरान सजना गांव के पास आगे चल रहा ट्रक संख्या BR 24 GL 6981 (धान लदा), जो मोहम्मदाबाद की ओर जा रहा था, उसमें पीछे से बोलेरो जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में बोलेरो चालक छोटेलाल घायल हो गया, जबकि आगे बैठे विक्रम चौधरी (उम्र 32 वर्ष) की कमर की हड्डी टूट गई। विक्रम की हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। बोलेरो में सवार अन्य लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं और वे अपने घर चले गए।
दुर्घटना के बाद ट्रक और बोलेरो सड़क पर फंसे रहने से लंबा जाम लग गया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों वाहनों को हटवाने के बाद यातायात धीरे-धीरे बहाल हुआ।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि दोनों वाहनों के मालिक अभी तक थाने नहीं पहुंचे हैं। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और मार्ग पर यातायात सामान्य कराया जा रहा है।

spot_img
spot_img

प्रमुख खबरें

ताज़ातरीन ख़बरें

You cannot copy content of this page