सैदपुर। यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान की परीक्षा के दौरान शुक्रवार को दूसरी पाली में फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया। मजिस्ट्रेट जांच टीम की सूचना पर सैदपुर के सियावा गांव स्थित आदर्श इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर छापेमारी की गई, जहां चार कक्षों से कुल पांच फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए। बताया जा रहा है कि ये सभी आरोपी मूल अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे। केंद्र व्यवस्थापक हरिनारायण सिंह की तहरीर पर देर रात मुकदमा दर्ज किया गया। शनिवार को सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। जांच के दौरान अनुक्रामांक, प्रवेश पत्र और अन्य दस्तावेजों का मिलान किया गया, जिसमें गड़बड़ी सामने आई। पकड़े गए आरोपियों में पहाड़पुर निवासी संदीप यादव के स्थान पर राहुल कुशवाहा, करंडा निवासी अभिषेक यादव के स्थान पर सत्येंद्र शर्मा, वाराणसी के चोलापुर निवासी पृथ्वी सिंह के स्थान पर आकाश सिंह, देवकली निवासी भास्कर यादव के स्थान पर अजय यादव तथा चांडीपुर निवासी राहुल यादव के स्थान पर सूरज यादव परीक्षा देते पाए गए। पुलिस ने सभी को सैदपुर कोतवाली लाई कार्रवाई के दौरान परीक्षा केंद्र पर कुछ समय के लिए हड़कंप की स्थिति रही। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज जेल भेज दिया।





