दुल्लहपुर (गाजीपुर)। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के बहलोलपुर चौकी अंतर्गत मृदा–जलालाबाद नवनिर्मित 124 डी मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मछली मारकर लौट रहे नाबालिग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान मनदीप गिरी (13) पुत्र स्वर्गीय राम बदन गिरी, निवासी चैनपुर रानीपुर, जिला मऊ के रूप में हुई है। मनदीप बहलोलपुर क्षेत्र में मछली मारने गया था और साइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक साइकिल मुड़ने से बच्चा कार की चपेट में आ गया।
हादसा अपराह्न करीब 2:10 बजे हुआ। कार का नंबर यूपी 70 ईपी 8752 बताया जा रहा है। पिता की पूर्व में मृत्यु हो चुकी है, ऐसे में बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।





