सैदपुर। सैदपुर नगर पंचायत क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जनसमस्याओं
को लेकर शुक्रवार को सैदपुर विधायक अंकित भारती ने समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान नगर में जुलूस निकालकर प्रशासन का ध्यान समस्याओं की ओर आकृष्ट कराया गया। प्रदर्शन की शुरुआत नगर स्थित निर्मल उपवन से हुई, जहां से विधायक अंकित भारती के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए तहसील परिसर पहुंचे। जुलूस के दौरान “जन समस्याओं का समाधान करो”, “नगर पंचायत होश में आओ” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। तहसील परिसर पहुंचने के बाद विधायक ने नगर पंचायत के प्रभारी अधिशासी अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी रामेश्वर सुधाकर को नगर की विभिन्न समस्याओं से संबंधित 22 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विधायक ने तहसील परिसर अथवा गेट के समीप भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग प्रमुख रूप से उठाई। इसके साथ ही नगर में उत्पाती बंदरों की बढ़ती समस्या से लोगों को हो रही परेशानियों का उल्लेख करते हुए इसके स्थायी समाधान की मांग की। विधायक ने गंगा घाटों के सुंदरीकरण, नगर के प्रमुख मंदिरों व मजारों के सौंदर्यीकरण तथा धार्मिक स्थलों के आसपास साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके अलावा ज्ञापन में नगर में बिजली आपूर्ति की बदहाल स्थिति, पेयजल संकट, जर्जर सड़कों, नालियों की सफाई, जल निकासी की समस्या और स्ट्रीट लाइटों की खराब व्यवस्था जैसे बुनियादी मुद्दों को शामिल किया गया। विधायक ने कहा कि नगर पंचायत द्वारा जनता की अनदेखी की जा रही है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।





