सैदपुर। एसपी सिटी डॉ. राजेश कुमार मिश्रा ने सैदपुर कोतवाली का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले साइबर सेल का जायजा लिया और वहां रखे रजिस्टरों की गहनता से जांच की। साइबर से जुड़े मामलों के निस्तारण में पारदर्शिता एवं तत्परता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके पश्चात एसपी सिटी ने थाने के चारों ओर परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर गंदगी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए तथा स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा। परिसर में खड़ी लावारिस वाहनों का भी मुआयना किया गया और उनके शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के क्रम में एसपी सिटी ने मेस, विवेचना कक्ष, मालखाना एवं असलहा कक्ष का भी गहन निरीक्षण किया।

इस दौरान महिला उपनिरीक्षक श्वेता तिवारी से पिस्टल खुलवाकर जांच की गई। वहीं पिस्टल को बंद करने में उपनिरीक्षक को परेशानी हुई, जिस पर बताया गया कि पिस्टल पुरानी होने के कारण एक बार में बंद नहीं हो पा रही थी। इसके बाद मालखाने में रखे सामानों का सत्यापन किया गया तथा असलहों की स्थिति की जांच कर उन्हें सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने, जनता के साथ बेहतर व्यवहार करने और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए






